Kawardha Dead Body Found :  पुल के नीचे बुजुर्ग महिला की लाश मिलने से मचा हड़कंप, जाँच में जुटी पुलिस......

# Admin | 30 Oct, 2023

पुल के नीचे बुजुर्ग महिला की लाश मिलने से मचा हड़कंप, जाँच में जुटी पुलिस......

मिशन क्रांति न्यूज़ कवर्धा - कवर्धा जिले के सीटी कोतवाली थाना अंतर्गत रेंगाखार गांव में पुल के नीचे बुजुर्ग महिला की लाश पानी में तैरती हुए मिली है। शव मिलने की सूचना लगते ही पूरा गांव सकरी नदी किनारे देखने इकट्ठा हो गया। कोटवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।  मौके पर पहुंची पुलिस ने  शव को पानी से  बाहर निकालकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है साथ ही परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।   

मृतका 75 वर्षीय दुखहलीन बाई कोसले के बेटे ने बताया कि वह रोज भाजी तोड़ने सकरी नदी किनारे जाती थी। रविवार शाम को भी महिला भाजी तोड़ने घर से निकली थी, लेकिन रात तक घर नहीं लौटी। इस पर उसे ढूंढने निकले लेकिन महिला का कहीं पता नहीं चला। 

सीटी कोतवाली थाना प्रभारी मोतीराम पटेल ने बताया - सोमवार सुबह गांव के सकरी पुल के नीचे महिला की लाश पानी में तैरते हुए मिली। महिला अपने एक हाथ में चप्पल भी पकड़ी हुई है जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह नदी पार कर रही होगी और गहरे पानी में जाने से डूबकर उसकी मौत हो गई और रात में लाश बहकर पुल के नीचे आकर फंस गया होगा. फिलहाल पुलिस इस मामले में ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर रही है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही  मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।   

 

Banner