नक्सल प्रभावित क्षेत्रो में जमकर उत्पात मचा रहे नक्सली, यात्री बस सहित 3 वाहनों में लगाई आग........

# Admin | 21 Dec, 2023

नक्सल प्रभावित क्षेत्रो में जमकर उत्पात मचा रहे नक्सली, यात्री बस सहित 3 वाहनों में लगाई आग........

मिशन क्रांति न्यूज़ रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रो में नक्सलियों ने बुधवार की रात जमकर उत्पात मचाया है। सुकमा के कोंटा इलाके में यात्री बस सहित 3 वाहनों को आग के हवाले कर दिया. वहीं, बीजापुर नेशनल हाईवे पर पेड़ काटकर गिरा दिए। दोनों जिलों की ओर जाने का रास्ता बंद हो गया है। 

जानकारी के मुताबिक़ बुधवार की रात कोंटा इलाके के आसिरगुड़ा के पास नेशनल हाईवे नंबर 30 पर नक्सली आ धमके. जगदलपुर से विजयवाड़ा की ओर जा रही यात्री बस को रोक दिया. इसके बाद यात्रियों और ड्राइवर समेत सभी को नीचे उतारकर बस का डीजल टैंक फोड़कर आग लगा दी. यहां दो ट्रकों को भी आग के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि इस घटना को अंजाम देने के लिए 10 से ज्यादा नक्सली पहुंचे थे। 

घटना की सूचना मिलने पर तत्काल CRPF और जिला पुलिस बल के जवानों को रवाना किया गया. नक्सलियों पर जवानों ने पैरा बम भी दागे इसके बाद नक्सली मौके से भाग खड़े हुए। पुलिस ने आसपास के इलाकों की सर्चिंग भी बढ़ा दी है. इस घटना के बाद यात्रियों में खौफ का माहौल है. वहीं, इसकी सूचना मिलते ही  दंतेवाड़ा से हैदराबाद की ओर जा रही बस बीच रास्ते से ही वापस दंतेवाड़ा लौट आ गई, जिसकी वजह से यात्रियों को काफी दिक्क्तों का सामना करना पड़ा। 

दरअसल, 22 दिसंबर को नक्सलियों ने भारत बंद का ऐलान किया है। इससे पहले बस्तर में दहशत फैलाने के लिए अलग-अलग इलाकों में नक्सलियों ने उत्पात मचाकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।    

Banner