गुरु सहसराम देव जी की पुण्यतिथि पर व्याख्यान माला का आयोजन सूर्यांश विद्यापीठ सिवनी में........

# Admin | 07 Feb, 2024
  • गुरुदेव के जन्मस्थली जगमहंत में श्रद्धांजलि सभा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फल वितरण का कार्यक्रम 10 बजे से
  • सूर्यांश धाम खोखरा में श्रद्धांजलि एवं भजन संध्या का आयोजन शाम 05 बजे से

मिशन क्रांति न्यूज़ जांजगीर-चाम्पा। समाज में शिक्षा, सुमता, एकता और भाईचारा के संदेशवाहक परम पूज्य गुरुदेव सहसराम देव की पुण्यतिथि 08 फरवरी को उनके स्मृति में सूर्यांश विद्यापीठ सिवनी (नैला) में एक व्याख्यानमाला का आयोजन 12 बजे से किया गया है जिसमें उनके व्यक्तित्व एवं जीवन में किए गए कार्यों पर व्याख्यान होगा। संध्या समय "सूर्यांश धाम खोखरा" में एक श्रद्धांजलि सभा एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया है जिसका शुभारंभ श्रद्धालुओं द्वारा सूर्यांश धाम में स्थापित गुरुदेव सहसराम देव जी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया जाएगा।

इससे पूर्व गुरुदेव सहसराम जी के जन्मस्थली जगमहंत में प्रातः 10 बजे उनके आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया जाएगा। तत्पश्चात परिवार जनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जगमहंत में मरीजों को फल वितरित किया जाएगा‌। उक्ताशय की जानकारी देते हुए प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने बताया कि परम पूज्य गुरुदेव सहसराम जी ने आजादी के पूर्व से ही समाज में शिक्षा, सुमता, एकता और भाईचारा के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया था। उनके प्रयासों से ही ग्राम जगमहंत में शिक्षा के लिए प्राथमिक शाला का निर्माण हुआ था। इसके अलावा वे जांजगीर जिला के वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के साथ स्वतंत्रता संग्राम के अनेक क्रियाकलापों में सहभागिता किए थे। उनके पुण्यतिथि के अवसर पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन ग्राम जगमहंत में गुरु सहसराम चौक स्थित प्रतिमा स्थल पर किया गया है।

Banner