शारदीय नवरात्र के अष्टमी पर कुष्ठ आश्रम कात्रेनगर आश्रम में भव्य कन्या पूजन

# Admin | 01 Oct, 2025

शारदीय नवरात्र के अष्टमी पर कुष्ठ आश्रम कात्रेनगर आश्रम में भव्य कन्या पूजन

🔶 देवी स्वरूप 221 कन्याओं का विधि-विधान से किया गया पूजन-अर्चन ।

♦️मिशन क्रांति न्यूज,जांजगीर-चांपा।


शारदीय नवरात्र के अष्टमी तिथि पर आज कात्रेनगर आश्रम परिसर स्थित भास्कर भवन में भारतीय कुष्ठ निवारक संघ द्वारा भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर में समीपस्थ ग्राम हथनेवरा, सोठी बस्ती, तिवारीडीपा, धनुवारपारा एवं रामपुर (सबरिया डेरा) से आईं 221 देवी स्वरूप कन्याओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह श्रद्धालुओं के सामूहिक आगमन और कन्याओं का स्वागत कर तिलक एवं चुनरी अर्पित करने के साथ हुआ।

हथनेवरा ग्राम के पंडित श्री चौबे महाराज जी ने मंत्रोच्चारणों के साथ विधिपूर्वक माता रानी की पूजा-अर्चना एवं आरती का संचालन किया। इसके साथ ही सोठी ग्राम की मातृशक्ति भजन मंडली ने भक्ति रस से परिपूर्ण जसगीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बन गया।

इस पावन अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों की भी उपस्थिति रही।  सुधीर देव जी,  लोमसराम साहू, अफरीद ग्राम के सरपंच पति शाश्वतधर दीवान,  लक्ष्मी सोनी,  घनश्याम तिवारी,  दिनेश चंदेल, जयपुरिया परिवार सहित कुष्ठ आश्रम के समस्त कार्यकर्ता एवं विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं संस्था के कार्यकर्ता-बंधु-भगिनियां उत्साहपूर्वक शामिल हुए। उन्होंने कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके सम्मान में तिलक, चुनरी और प्रसाद अर्पित किया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने कन्याओं से आशीर्वाद लिया और मां दुर्गा के जयकारों के बीच पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि कन्या पूजन नवरात्र पर्व का महत्वपूर्ण अंग है, जो मातृशक्ति के सम्मान और समाज में महिलाओं के महत्व को दर्शाता है। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं की बड़ी संख्या ने भाग लेकर न केवल धार्मिक उत्साह का अनुभव किया बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया कि कन्याओं का सम्मान करना हमारी संस्कृति का अविभाज्य हिस्सा है। अंत में सभी उपस्थित जनों ने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि वे समाज और परिवार में सुख-शांति, स्वास्थ्य, समृद्धि और सफलता का आशीर्वाद प्रदान करें। आयोजन स्थल मां दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। महाष्टमी एवं कन्या पूजन की इस भव्य अवसर पर सभी ने माता रानी के चरणों में श्रद्धा और भक्ति का भाव प्रकट किया।

Banner