टिकटॉक की दोस्ती हुई प्यार में तब्दील, बॉर्डर पार कर बच्चों के साथ भाग आई प्रेमिका, सीमा हैदर जैसी है लव स्टोरी....... 

# Admin | 02 Oct, 2023

टिकटॉक की दोस्ती हुई प्यार में तब्दील, बॉर्डर पार कर बच्चों के साथ भाग आई प्रेमिका, सीमा हैदर जैसी है लव स्टोरी....... 

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में भी पाकिस्तान से आई सीमा हैदर जैसा मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपने तीन बच्चों को साथ लेकर अपने प्यार को पाने के लिए पहुंची है. महिला बांग्लादेश से आई है. महिला जब अपने सोशल मीडिया पर हुए प्यार को पाने के लिए उसके घर पर पहुंची तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. जब इस बात की जानकारी पुलिस को लगी तो उन्होंने महिला को कस्टडी में ले लिया और उससे पूछताछ की जा रही है।  

जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भारत और नेपाल सीमा पर स्थित भरथा रोशन गढ़ गांव की है. दिलारुबा नाम की महिला का टिकटॉक के जरिए एक लड़के से प्यार हुआ था. प्रेमी का नाम अब्दुल करीम बताया जा रहा है. जब दिलारुबा बांग्लादेश से सीमा पार कर भारत पहुंची तो उसे अब्दुल के बारे में सच्चाई का पता चला. अब्दुल पहले से शादीशुदा था, इसी वजह से दिलारुबा ने आपत्ति जताई. बांग्लादेशी महिला के गांव में आने की खबर फैलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया. जब पुलिस स्टेशन में पूछताछ की गई, तो उसने पासपोर्ट और वीजा सहित वैध दस्तावेज पेश किए.

दिलारुबा के पास पर्यटक वीजा है. पुलिस हिरासत के दौरान महिला ने यह भी बताया कि अब्दुल से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. दिलारुबा ने बताया कि वह बांग्लादेश के राजशाही जिले की रहने वाली हैं. उसकी अब्दुल से मुलाकात टिकटॉक के जरिए हुई थी. यहीं से उनकी प्रेम कहानी शुरू हुई और उन्होंने साथ जीने-मरने की कसम खाई. हालांकि, जब दिलारुबा अब्दुल के घर पहुंची तो उसे पता चला कि वह पहले से ही शादीशुदा है. अब्दुल की पत्नी ने भी पूरे हालात पर कड़ी आपत्ति जताई है.

बता दें कि करीब 3 महीने पहले सीमा हैदर पाकिस्तान से अपने चार बच्चों के साथ भारत आई थीं. उनकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के रहने वाले सचिन मीना से पबजी गेम खेलते हुए हुई थी. धीरे-धीरे उनका प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि उन्होंने साथ जीने और मरने की कसमें खाई और अपने प्यार को पाने के लिए वह अवैध तरीके से भारत आई थीं. सीमा हैदर फिलहाल भारतीय मीडिया में काफी जाना-पहचाना नाम बन गई हैं।  


 


 

Banner